
CRS NEWS रायबरेली: गदागंज थाना क्षेत्र के खोदायपुर गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अराजकतत्वों द्वारा कालिख पोतने की घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही दलित समुदाय के लोगों का गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में लोग प्रतिमा स्थल पर एकत्र हो गए।
ग्राम प्रधान की सूझ-बूझ से स्थिति को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर गदागंज थाने और डलमऊ कोतवाली की पुलिस टीम सीओ अरुण कुमार नौहार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। सीओ ने तुरंत पेंटर बुलाकर प्रतिमा को साफ करवाया और उस पर नया रंग करवा दिया।
सीओ अरुण कुमार नौहार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि घटना की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
ग्राम प्रधान ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि गांव में शांति बनाए रखना सबसे जरूरी है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










