
सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
बछरावां रायबरेली। राजमार्ग पर अनियंत्रित चौपाहिया व दोपहिया वाहनों के कारण क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। मामला बछरावां विकासखंड की खैरहनी ग्राम सभा के समीप लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग का है। जहां पर आर्मी की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जयप्रकाश शुक्ला पुत्र पवन शुक्ला उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी इसिया विकास खंड बछरावां रायबरेली हरचंदपुर में स्थित अपनी दुकान से अपने घर वापस जा रहा था तब ही खैरहनी गांव सभा के पास ओवरटेक करते समय आर्मी की गाड़ी की टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और इस हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक का विवाह एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। युवक हरचंदपुर में 99 स्टोर के नाम से अपनी दुकान चला कर जीवन यापन करता था।युवक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में बछरावां कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जानकारी हुई है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है वहीं इसके साथ ही साथ दुर्घटना करने वाली गाड़ी को हिरासत में ले लिया गया है तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी।










