
ऊँचाहार,रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर गाँव निवासी बुजुर्ग कोतवाली परिसर स्थित काली के मंदिर के पुजारी को शनिवार की देर शाम लखनऊ प्रयाग राज मार्ग पर अरखा गाँव के निकट मिनी बस की ने रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
खोजनपुर गाँव निवासी लल्लन पाण्डेय अपनी पत्नी के साथ कई वर्षों से कोतवाली परिसर स्थित काली माँ के मंदिर की साफ-सफाई समेत पूजा पाठ किया करते थे। शनिवार की देर शाम किसी कार्य से साइकिल लेकर अरखा गाँव की ओर जा रहे थे। इसी बीच प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार मिनी बस ने बुजुर्ग को रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही पुजारी की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस पुजारी के शव को सीएचसी ले आई। पति की मौत की सूचना मिलने के बाद पत्नी समेत परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि बस की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग पुजारी की मौत हुई है। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।










