
*विवादित जमीन पर जबरन टीनशेड रखने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार*
गदागंज (रायबरेली)।
गदागंज थाना क्षेत्र के अम्बारा मथई ग्राम सभा में विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद गहराने लगा है। मामले में एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) होने के बावजूद विपक्षी पक्ष ने जबरन टीनशेड रखकर अवैध निर्माण शुरू कर दिया।
पीड़ित गिरीश कुमार पुत्र राम नरेश, निवासी अम्बारा मथई ने अपने ही गांव के सुंदर लाल पुत्र बृजलाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने कोर्ट के आदेश की अवहेलना करते हुए जबरन टीनशेड रखकर कब्जा करने की कोशिश की।
गिरीश कुमार ने गदागंज थाने में लिखित तहरीर देकर पूरे प्रकरण में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की बात कही है।










