
बगहा, सलोन। दिनांक 15अगस्त 2025 (शुक्रवार)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सलोन, रायबरेली। आज विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस बार स्वतंत्रता दिवस ‘वंदे उत्सव’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय को तिरंगे पट एवं राष्ट्रीय प्रतीकों की अनुकृतियों से सजाया गया। हाथ में तिरंगा लिए हुए बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा ,हर कर तिरंगा ‘ मुहिम को जीवंत बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, गीत,रूपक और भाषण आदि विधाओं के माध्यम से स्वाधीनता आंदोलन के अमर बलिदानियों को याद किया गया और पूरे वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया गया। सीनियर विंग के छात्रों द्वारा साहस, बहादुरी और रोमांच से भरे अनेक प्रदर्शनों में सशक्त भारत की छवि दिखी। अगले दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के परिप्रेक्ष्य में आज ही उनकी बाल लीलाओं पर आधारित विविध झांकियां नर्सरी एवं प्राइमरी विंग के नन्हें -मुन्नों द्वारा प्रस्तुत की गई।
आज के स्वतंत्रता दिवस समारोह के इस कार्यक्रम का आरंभ समारोह के मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल श्री अमित सिंह चौहान एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की गई और शानदार प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों व शिक्षक – शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। छात्र -छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता एक भावनात्मक विचार है जिसकी समझ बहुत जरूरी है। यह किसी को अराजक होने की छूट नहीं देती बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी का अहसास कराती है जिससे स्वयं से अधिक औरों का ख़्याल अधिक रखने का विचार मजबूत होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि आज के युग में आपका परिश्रम, कुशलता और सफलता ही स्वतन्त्रता का मानक होगा।
देश के लिए अपना बलिदान देने वाले सभी ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक – शिक्षणेत्तर कर्मियों तथा अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और सभी उपस्थित जनों को धन्यवाद ज्ञापित किया। आज के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन विज्ञान शिक्षक संचित गुप्ता द्वारा किया गया।










