
CRS NEWS लखनऊ, 26 अगस्त 2025।
वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व मंत्री भगवती सिंह की 93वीं जयंती आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सादगी से मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री श्री रेवती रमण सिंह ने और संचालन एडवोकेट श्री देवी बख्श सिंह ने किया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भगवती सिंह अपने जीवनभर समाजवादी विचारधारा के लिए समर्पित रहे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे और राजनीतिक स्पष्टता उनका मूल गुण रहा। उन्होंने कहा कि भगवती बाबू ने विकास को प्राथमिकता दी और जनसामान्य की समस्याओं के समाधान में हमेशा अग्रणी रहे। बख्शी का तालाब क्षेत्र में उनके प्रयासों से कई शैक्षणिक संस्थान स्थापित हुए।
उन्होंने कहा कि आज प्रशासन बेलगाम है, शिक्षा पर संकट है और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे समय में समाजवादी आंदोलन की सफलता के लिए वर्ष 2027 की निर्णायक घड़ी आ चुकी है।
जयंती के अवसर पर मां चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में भंडारा व कवि सम्मेलन, श्री चंद्रभानु गुप्ता कृषि महाविद्यालय में गोष्ठी और बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज में हवन पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव श्री शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल विधानसभा श्री माता प्रसाद पांडेय, सांसद श्री धर्मेन्द्र यादव, श्री अवधेश प्रसाद, श्री आर.के. चौधरी, राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चौधरी, विधान परिषद में नेता विरोधी दल श्री लाल बिहारी यादव समेत अनेक गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला नेताओं, पूर्व विधायकों, संगठन पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।










