
CRS NEWS रायबरेली, 26 अगस्त।
अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में विधायक श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने आज विकास खण्ड डलमऊ और विकास खण्ड दीन शाह गौरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग, राजस्व विभाग तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनता की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
श्री पाण्डेय ने डलमऊ पंप कैनाल से नहरों तक सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि फसलों को किसी प्रकार की क्षति न हो।
बैठक में उन्होंने विद्युत आपूर्ति, राजस्व संबंधित मामलों और अन्य जनसुविधाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को समय से और समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है, इसलिए हर समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। इस मौके पर कई विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।










