
सोशल मीडिया पर जातिगत भड़काऊ पोस्ट: कई पर मुकदमा दर्ज
जायस। लगातार कई दिनों से दो पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर की जा रही जातिगत भड़काऊ पोस्ट को लेकर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी यशवीर सिंह के निर्देश पर सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज की तहरीर पर जायस थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी युवक विनोद उर्फ सुशील, शिव प्रकाश सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने की नीयत से भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत किया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने बताया कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।








