
CRS NEWS रायबरेली: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को डलमऊ में जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र शंकर सिंह के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता डलमऊ ब्लॉक से तहसील तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे और उप जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों को यूरिया खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। साल में दो बार खाद की आवश्यकता होती है, लेकिन सरकार उसकी पूर्ति कराने में विफल साबित हो रही है। इसके साथ ही मुराई बाग चौराहे पर ओवरब्रिज की मांग भी उठाई गई, ताकि जाम की समस्या से स्कूली बच्चों और आमजन को राहत मिल सके।
सपा कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना यूनिट के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं और 24 घंटे बिजली गुल रहती है। वहीं, सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी से मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं, और कई गंभीर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है।
इस प्रदर्शन में सदर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी आरपी यादव, सरेनी विधानसभा से पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगे।










