CRS NEWS रायबरेली: जनपद में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश को लेकर ब्राह्मण समाज महासभा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश महासचिव आशीष कुमार पाठक ने पुलिस अधीक्षक महोदय को दिए पत्र में बताया कि हाल ही में सम्राट विनोद मौर्य नामक व्यक्ति ने सारस होटल चौराहे पर खुलेआम लोहे के पंच से एक धरना दे रहे व्यक्ति पर हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद से मौर्य सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक और अशोभनीय वीडियो पोस्ट कर रहा है।
आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने ब्राह्मण समाज के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए समाज विशेष को देश से निकाल देने जैसी भड़काऊ टिप्पणियां कीं, जिससे आम जनमानस में गहरा आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन चौकी इंचार्ज ने भी उक्त व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बावजूद इसके आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है।
ब्राह्मण समाज महासभा ने मांग की है कि सम्राट विनोद मौर्य सहित उसके साथियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए, ताकि रायबरेली जैसे शांत जनपद में सामाजिक सौहार्द और शांति कायम रह सके।












