
राहुल गांधी 10-11 सितम्बर को दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे रायबरेली में
केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा हेतु दिशा समिति की बैठक की करेंगे अध्यक्षता
रायबरेली, 7 सितम्बर 2025:
नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद श्री राहुल गांधी आगामी 10 और 11 सितम्बर को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श भी करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि श्री राहुल गांधी 11 सितम्बर को दिशा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक का उद्देश्य योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन कर जनहित में सुधार सुनिश्चित करना है।
किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि श्री राहुल गांधी पूर्व में भी केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर मुखर रहे हैं। उन्होंने जीएसटी में राहत की मांग की थी, जिसके बाद सरकार ने दो वर्ष पश्चात उस पर रियायतें दीं, हालांकि यह कदम बिहार चुनावों को ध्यान में रखकर उठाया गया। किसानों के मुद्दे पर भी राहुल गांधी के विरोध के चलते सरकार को अपने कृषि कानून वापस लेने पड़े।
बिहार चुनाव में राहुल गांधी द्वारा ‘हाइड्रोजन बम’ को लेकर दिए गए बयान के संदर्भ में श्री शर्मा ने कहा कि “बीजेपी चुनावों में धांधली कर जनमत की चोरी कर रही है और राहुल गांधी उस सच्चाई को सामने ला रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “बिहार में आज एक नई जन जागृति देखी जा रही है, जिसका श्रेय राहुल गांधी को जाता है। जनता अब अपने वोट की अहमियत को समझ चुकी है।”
राहुल गांधी का यह दौरा न केवल क्षेत्रीय विकास कार्यों की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह कांग्रेस संगठन को भी मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।








