
दो दिन से जला ट्रांसफार्मर, बिजली गुल — व्यापारी और उपभोक्ता बेहाल
गदागंज (रायबरेली), 7 सितम्बर:
गदागंज पावरहाउस के अंतर्गत आने वाले जलालपुर धई क्षेत्र में स्थित स्टेशन रोड पर लगा ट्रांसफार्मर बीते दो दिनों से जला हुआ है, जिससे क्षेत्र के करीब 75 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। इस समस्या के चलते स्थानीय निवासी और व्यापारी वर्ग दोनों ही भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
बिजली विभाग की लापरवाही के विरोध में रविवार को गदागंज व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने गदागंज पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को जल्द समाधान की चेतावनी दी।
व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की घटना की लिखित सूचना दो दिन पूर्व ही विभाग को दी जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। “स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी और अंधेरे से आम जनता परेशान है,” उन्होंने कहा।
जब इस संबंध में पावर हाउस के अपर अभियंता नीतीश दुबे से संपर्क किया गया, तो उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदला जाएगा और बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे








