
CRS NEWS: ऊंचाहार रोड के सवैया हसन गाँव के पास लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर स्थित चर्चित बटोही ढाबा एक बार फिर विवादों में आ गया है। रविवार को ढाबे पर खाना खाने पहुंचे तीन युवकों को परोसी गई सलाद की प्याज में कीड़ा निकलने से मामला गरमा गया। नाराज युवकों ने ढाबे पर जमकर हंगामा किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के अनुसार, विपिन सिंह निवासी पूरे पावरन थाना गदागंज अपने दो साथियों संग ढाबे पर भोजन करने पहुँचे थे। खाना परोसे जाने के बाद थाली में रखी प्याज में कीड़ा दिखाई दिया। जब इसकी शिकायत ढाबा संचालक से की गई तो पहले तो युवकों के साथ रौब दिखाने की कोशिश हुई, बाद में रुपए वापस कर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया गया।
विवाद बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुँची और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पीड़ित युवकों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 व खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शिकायत दर्ज कराई, लेकिन घंटों बीतने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुँचा।
गौरतलब है कि यह वही ढाबा है जो पहले बटोही रेस्टोरेंट नाम से संचालित होता था। उस समय भोजन में लापरवाही और मृत चूहा मिलने जैसी शिकायतों पर प्रशासन ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द कर दिया था। अब उसी संचालक ने बटोही ढाबा नाम से नया संचालन शुरू किया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस ताज़ा मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर खाद्य सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।










