
गदागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक संपन्न, दुर्गा पूजा को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश
गदागंज (रायबरेली)। आगामी नवदुर्गा पूजा त्योहार के मद्देनज़र गदागंज थाना परिसर में मंगलवार को एक शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डलमऊ क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार नौहार ने की,व थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी उपस्थित रहे।
बैठक में नवदुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों और क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने उपस्थितजनों से कहा कि सभी आयोजनों में पूर्व निर्धारित गाइडलाइन का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए और कोई नया प्रयोग न किया जाए।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने जानकारी दी कि गदागंज थाना क्षेत्र के 36 गांवों में दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे, जिनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने पंडाल आयोजकों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत उन्हें मोबाइल पर सूचना दें, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, पंडालों में बिजली की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए — जैसे कि कटे-फटे तारों का उपयोग न करें, पंडालों के ऊपर से बिजली के खुले तार न गुजरने दें, और दीप प्रज्वलन के समय विशेष सावधानी बरती जाए।
बैठक में दरोगा मुकरिम खान, गौरव मलिक, अजय पटेल, वीरेंद्र यादव, एवं ग्राम प्रधान बलराम यादव, मोबीन अंसारी, शिवनारायण मौर्य, रामराज सैनी, मोहम्मद अकमल, संदीप गुप्ता सहित क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
थाना गदागंज प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सहयोग और सौहार्द बनाए रखें, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।








