
नवरात्र व दशहरा को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, थाना प्रभारी ने दिया सख्ती का संदेश
गदागंज (रायबरेली)। आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गदागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को थाना प्रभारी दयानंद तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के जलालपुर धई , धमधमा मतीनगंज आदि गांव में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान की जा सके।
फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस हर समय सजग है और त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जाहिर किया।








