
नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में गदागंज थाना क्षेत्र में निकाला गया फ्लैग मार्च
गदागंज (रायबरेली)। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को देखते हुए गदागंज थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील गांवों — जलालपुर, धई, धमधमा समेत अन्य क्षेत्रों में शनिवार को फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। यह फ्लैग मार्च सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र उप जिलाधिकारी डलमऊ श्री सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
फ्लैग मार्च में उप जिलाधिकारी के साथ नायब तहसीलदार श्री वीरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी श्री दयानंद तिवारी तथा गदागंज थाने की पूरी पुलिस टीम शामिल रही। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल मार्च करते हुए क्षेत्रीय नागरिकों को यह संदेश दिया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है।
उप जिलाधिकारी श्री सत्येंद्र कुमार सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सभी पर्वों को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने की कोशिश को प्रशासन सख्ती से रोकेगा। ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी श्री दयानंद तिवारी ने भी आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे को बनाए रखें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा संभावित अशांति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस मौके पर उपनिरीक्षक श्री वीरेंद्र यादव, श्री अनिल शर्मा, श्री प्रेम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।








