
“मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत हाईस्कूल छात्रा लक्ष्मी सिंह बनी एक दिन की थाना अध्यक्ष
रायबरेली: शासन के निर्देशानुसार “मिशन शक्ति” अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत आज अमांवा ब्लॉक स्थित एसजीएस पब्लिक स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा लक्ष्मी सिंह को एक दिन का थाना अध्यक्ष बनाया गया। यह पहल महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।
एक दिन की थाना अध्यक्ष बनी लक्ष्मी सिंह ने थाने पहुंचकर न सिर्फ आम जनता की समस्याएं सुनीं, बल्कि थाने के कार्यों व प्रक्रियाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाने के स्टाफ से संवाद कर उनकी कार्यशैली को समझा और महिला सुरक्षा संबंधी मामलों पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।
इसके पश्चात लक्ष्मी सिंह ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बिना हेलमेट तेज गति से वाहन चला रहे बाइक सवारों को रोका और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को समझाया कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन आवश्यक है।
थाना प्रभारी द्वारा लक्ष्मी सिंह को स्मृति चिन्ह प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, स्थानीय पुलिसकर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








