
मनरेगा मजदूरी न मिलने से नाराज़ ग्रामीणों का प्रदर्शन, डीह ब्लॉक कार्यालय पर धरना
डीह विकास खण्ड की ग्राम पंचायत निगोही में मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले ग्रामीणों को लम्बे समय से मजदूरी न मिलने के कारण आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण सोमवार को ग्राम प्रधान दिग्विजय सिंह उर्फ जे.पी. सिंह के नेतृत्व में डीह ब्लॉक कार्यालय पहुँचे और जोरदार धरना-प्रदर्शन किया
प्रदर्शनकारियों ने खण्ड विकास अधिकारी शिवाकांत बाजपेई को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मजदूरी के तत्काल भुगतान की माँग की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ब्लॉक स्तर पर बैठे अधिकारियों की मनमानी और लापरवाही के कारण मजदूरी का भुगतान अटका हुआ है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान जे.पी. सिंह ने बताया कि निगोही पंचायत में सैकड़ों मजदूरों ने मनरेगा के तहत ईमानदारी से कार्य किया, लेकिन कई महीनों से भुगतान लंबित है। प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस मौके पर प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिन्होंने अपने परिवार की आर्थिक तंगी और बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता जताई।
प्रदर्शन के बाद खण्ड विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर लिया जाएगा और जांच कर जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।








