
दुर्गा विसर्जन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलों का निरीक्षण
रायबरेली: आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी सुश्री हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजघाट पर बनाए गए मुख्य दुर्गा विसर्जन स्थल का विशेष रूप से जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी अरुण नौहार, जॉइन्ट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा एवं सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ने विसर्जन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि विसर्जन के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है, जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि दुर्गा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो








