
गदागंज पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ड्रोन संबंधी अफवाहों से भी सावधान रहने की अपील
गदागंज थाना क्षेत्र में साइबर सुरक्षा सप्ताह के तहत लोगों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देने हेतु एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन ओवरसीज बैंक, धूता (लल्ली की चक्की चौराहा) पर किया गया, जिसमें गदागंज थाना प्रभारी श्री दयानंद तिवारी ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
थाना प्रभारी ने उपस्थित ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि मोबाइल पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदिग्ध संदेशों या लिंक पर बिना जांच किए प्रतिक्रिया न दें। किसी को भी अपना ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर साइबर ठग आपके खाते से पैसे निकाल सकते हैं और आप धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी अपने ग्राहकों से फोन पर गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
ड्रोन संबंधी भ्रामक अफवाहों से रहें सावधान
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को ड्रोन को लेकर फैल रही अफवाहों से भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि यह पूर्णतः भ्रामक है कि ड्रोन रात में घरों के अंदर की जानकारी ले सकता है। ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति संदेह के आधार पर किसी को पकड़कर मारपीट करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी से अपील की कि कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।
उपस्थिति
इस मौके पर सब इंस्पेक्टर गौरव मलिक, धूता ग्राम प्रधान श्री बलराम यादव, प्रेम नारायण द्विवेदी, उमा नाथ शुक्ला, जानवी तिवारी, दूधनाथ सिंह, राम सुंदर यादव, जी. तम यादव, रामेश्वर पासी, मेवा लाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










