
*रायबरेली: युवक की पीटकर हत्या, 5 गिरफ्तार*
*ऊंचाहार में रेलवे ट्रैक के पास मिला था शव, चोर समझकर पीटा*
रायबरेली (ऊंचाहार)थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था, जिसकी पहचान हरिओम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोर समझकर उसकी पिटाई की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह घटना ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरदासपुर हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 20 फीट की दूरी पर सामने आई, जहां एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। बाद में शव की शिनाख्त फतेहपुर जिले के तरावती का पुरवा निवासी हरिओम (लगभग 38 वर्ष) पुत्र गंगादीन के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर ऊंचाहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ व्यक्तियों ने हरिओम को चोर समझकर उसके साथ मारपीट की थी, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई।
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, ऊंचाहार पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इन्हें थाना क्षेत्र के गुलरहिआ तिराहा से पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में वैभव सिंह पुत्र वीरेंद्र बहादुर सिंह, विपिन मौर्या उर्फ अनुज मौर्या पुत्र रामफल मौर्या, विजय कुमार पुत्र बैजनाथ, सहदेव पुत्र बैजूलाल पासी और सुरेश कुमार पुत्र रामसेवक मौर्या शामिल हैं। ये सभी डांडेपुर जमुनापुर, ऊंचाहार, रायबरेली के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।










