
पत्नी के उत्पीड़न से परेशान ट्रक ड्राइवर ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
चंदापुर थाना क्षेत्र के डोमापुर गांव के रहने वाले एक ट्रक ड्राइवर ने पत्नी के उत्पीड़न और झूठे आरोपों से तंग आकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित राम केवल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी सरोज का आचरण संदेहास्पद है और वह अक्सर बिना बताए घर छोड़कर चली जाती है। वापस लौटने पर वह झूठे आरोप लगाकर माहौल बिगाड़ती है।
राम केवल का कहना है कि उनकी पत्नी अपने मायके पक्ष के साथ मिलकर उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक बार सरोज ने उनके ऊपर सोते समय चाकू से जानलेवा हमला किया था। इसके अलावा, उन्होंने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि सरोज ने उनके पुत्र को किसी अजनबी को बेचने की कोशिश की थी।
पीड़ित राम केवल का कहना है कि वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और अब पत्नी की हरकतों से उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें और उनके बच्चों को न्याय मिल सके।










