
राहगीरों को आवागमन में हो रही परेशानी, अधिकारी बेखबर — बरारा रेलवे स्टेशन के पास सड़क की हालत बदतर
बरारा बुजुर्ग ग्राम सभा स्थित बरारा रेलवे स्टेशन के पास की सड़क की खस्ताहाल स्थिति ने स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशन के नजदीक बना अंडरपास तो मौजूद है, लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और यात्री ऊपर से बने मार्ग का उपयोग करते हैं, जो लंबे समय से जर्जर अवस्था में है।
ठेके के सामने स्थित यह मुख्य मार्ग कीचड़, जलभराव और कूड़े-कचरे का अड्डा बन चुका है। आए दिन राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल जनसुविधा बाधित हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासी देव यादव, बउवा यादव, हिमांशु यादव, बबलू एडवोकेट और पीनने अली समेत कई लोगों ने इस मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, समस्या की जानकारी बार-बार देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। विकासखंड अधिकारी अशोक सचान से इस संबंध में संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि आवागमन सुचारु हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।










