
बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, युवक की मौके पर मौत
गदागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुरगंज निवासी दिलीप कुमार (22 वर्ष), पुत्र झगडू पासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर लगभग दो बजे हुआ, जब दिलीप अपनी बाइक से बहादुरगंज से गोंडा गांव की ओर जा रहा था। गोंडा गांव के पास एक तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में जाकर अमरूद के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना गदागंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है। हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया है।










