
गदागंज थाना परिसर में समाधान दिवस सम्पन्न — पंद्रह में से तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण
रायबरेली (गदागंज):
गदागंज थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस नायब तहसीलदार डलमऊ वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर थाना प्रभारी दयानंद तिवारी सहित प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल 15 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 12 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में थाना प्रभारी, हल्का दरोगा एवं संबंधित क्षेत्र के लेखपाल शामिल किए गए हैं।
नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने कहा कि “शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों की जांच कर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान समाधान दिवस में क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्वकर्मी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और अधिकारियों ने गंभीरता से उनकी सुनवाई की।










