
साइकिल सवार को ट्रक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर — जिला अस्पताल रेफर
डीह (रायबरेली):
डीह थाना क्षेत्र में एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डीह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाज़ुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी देवनारायण शर्मा पुत्र तुलसी साइकिल से बीरगंज बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव से लगभग 500 मीटर की दूरी पर पीढी मजरे दोहरी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में देवनारायण शर्मा बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया तथा ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।










