
ऊंचाहार में रोडवेज बस से रुपये चोरी करने वाले दो युवक पकड़े गए
यात्रियों की सतर्कता से बच नहीं पाए आरोपी, पुलिस कर रही पूछताछ
ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार में लखनऊ से प्रयागराज जा रही एक रोडवेज बस में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक बस के कंडक्टर के बैग से रुपये निकालकर फरार होने का प्रयास करने लगा। सतर्क बस चालक और यात्रियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपी युवक को पकड़ लिया, बल्कि उसके साथी को भी कुछ दूरी पर दबोच लिया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
प्रतापगढ़ जिले के डेरवा निवासी बस चालक वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि बस लखनऊ से प्रयागराज जा रही थी। यात्रा के दौरान ऊंचाहार कस्बे के एक ढाबे पर बस रुकी, तभी एक युवक मौके का फायदा उठाकर बस में चढ़ गया। कुछ ही देर बाद जब बस सीएचसी ऊंचाहार के सामने पहुंची, तब कंडक्टर आकाश राजपूत यात्रियों के टिकट बना रहे थे। इसी बीच युवक ने सीट पर रखे बैग से रुपये निकाल लिए और नीचे कूदकर भागने लगा।
चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस रोक दी और यात्रियों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई भी कर दी। इसी दौरान उसके पीछे बाइक से आ रहे एक साथी को भी लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सियाराम राजपूत ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है










