
रायबरेली समाचार — खीरों थाना क्षेत्र
सुर्जीपुर गाँव में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी की हत्या कर की आत्महत्या
रायबरेली जनपद के खीरों थाना क्षेत्र अंतर्गत सुर्जीपुर गाँव में शुक्रवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहाँ भीमराज (35 वर्ष), पुत्र रामनाथ, ने देर रात अपनी पत्नी सोनी की गड़ासे से गला काटकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार मजदूरी कर अपना गुज़ारा करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भीमराज अपने तीनों बच्चे — शिवम (9 वर्ष), शुभी (6 वर्ष) और शिवांश (5 वर्ष) — को ससुराल छोड़ आया था। रात में घर पर सिर्फ पति-पत्नी ही मौजूद थे, जबकि भीमराज के माता-पिता खेतों में सोने गए थे।
सुबह लगभग 6 बजे जब पिता रामनाथ खेत से घर लौटे तो दरवाज़ा बंद मिला। आवाज़ लगाने पर भी अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और भीड़ इकट्ठा हो गई। छत पर बने जीने का दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुँचे तो भयावह दृश्य देखकर सभी दंग रह गए— चारपाई पर सोनी का खून से लथपथ शव पड़ा था और भीमराज का शव फांसी के फंदे से झूल रहा था।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना खीरों पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से पड़ताल में जुटी है।










