
रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बस पलटी, 6 यात्री घायल
रायबरेली। लखनऊ से छत्तीसगढ़ जा रही एक प्राइवेट बस शनिवार देर रात लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर डिडौली गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा थाना हरचंदपुर क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलते ही हरचंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में 6 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से रायबरेली जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर लिया गया है, जबकि चार अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर घर भेज दिया।
घायल यात्रियों ने आरोप लगाया है कि बस चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। हादसे के सही कारणों की जांच जारी है।










