
रायबरेली | कड़ाके की ठंड के बीच रायबरेली की जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने देर रात शहर में बनाए गए रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर कुल 6 रैन बसेरे बनाए गए हैं। इनमें अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट, रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थान शामिल हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और गर्म स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों के बाहर नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, जिससे ठंड से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस मौके पर जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी (राजस्व) सहित तहसील प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन ने ठंड के मौसम में निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।










