
रायबरेली | जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने गल्ला मंडी पुल का किया औचक निरीक्षण
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने आज शहर के महत्वपूर्ण गल्ला मंडी पुल का औचक निरीक्षण किया। यह पुल गल्ला मंडी को जहानाबाद चौकी से जोड़ता है और स्थानीय व्यापारियों एवं आम जनता के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों तथा रखरखाव की गहन समीक्षा की।
गौरतलब है कि हाल ही में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के प्रयासों से शासन द्वारा जहानाबाद और रतापुर मार्ग के दो क्षतिग्रस्त ओवरब्रिजों की मरम्मत हेतु 135.83 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। गल्ला मंडी पुल भी इसी श्रेणी में आता है, जो लंबे समय से मरम्मत की प्रतीक्षा में था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल की मरम्मत का कार्य शीघ्र, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, जिससे यातायात सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गल्ला मंडी क्षेत्र के व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुल की मरम्मत से अतिक्रमण एवं यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार को गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।










