
मुख्यमंत्री के निर्देश पर रायबरेली पुलिस सख्त, अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चला व्यापक अभियान
प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में रायबरेली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में जिले भर में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध घुसपैठियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में सीओ सिटी अरुण नौहवार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे लाइन के किनारे बने अस्थायी व स्थायी मकानों में विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों की संभावित मौजूदगी को लेकर रह रहे लोगों से गहन पूछताछ की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों के आधार कार्ड, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की। चेकिंग के दौरान कई मकान बंद पाए गए, जिनके संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र की जा रही है।
सीओ सिटी अरुण नौहवार ने बताया कि रायबरेली जिले में लंबे समय से निवास कर रहे गैर जनपदों के लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन उनके मूल जनपदों के संबंधित थानों से कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।










