
रायबरेली: इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप,
रायबरेली शहर के एक विवादित डॉक्टर के नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 22 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड स्थित अवध हॉस्पिटल का है। जानकारी के अनुसार दीपक गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता, उम्र 22 वर्ष, निवासी मोहम्मदपुर कुचरिया, को किडनी में पथरी की शिकायत होने पर अवध हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के चलते दीपक की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी और शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










