
रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता, बुजुर्ग महिला से लूट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लाखों की लूट करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले की है, जहां बीते 21 दिसंबर की रात करीब 9 बजे 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला को आरोपियों ने घर के अंदर बंधक बना लिया था। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 1.5 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 6 लुटेरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पिंटू राम, दीपक मौर्या, अवधेश मौर्या, प्रदीप मौर्या, प्रिंस मौर्या और सौरभ मौर्या हैं। सभी आरोपी बहाईं गांव, कोतवाली लालगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल सामान और लूटा गया माल भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए जेल भेज दिया गया है।
रायबरेली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है










