
रायबरेली: बाइक–ट्रैक्टर की टक्कर में एक बच्चे की मौत, दो घायल
रायबरेली जिले के थाना भदोखर क्षेत्र अंतर्गत बेंद चौकी के सैदपुर मोड़ पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बेंद के सिपाही मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार घायल थाना क्षेत्र के थुलवासा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, ट्रैक्टर सैदपुर भट्ठे का बताया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बाइक और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करवा दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










