
CRS NEWS रायबरेली : लखनऊ–प्रयागराज रेलखंड पर शुक्रवार शाम वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आकर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बछरावां कस्बे के रेलवे गेट संख्या 175-बी के पास हुई। बच्ची स्कूल से घर लौट रही थी। हादसे में आया भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मृतक बच्ची वाणी (03) पुत्री पूनम, आजाद नगर की निवासी थी और पटेल नगर स्थित ‘उड़ान’ विद्यालय में प्लेग्रुप/प्री-नर्सरी की छात्रा थी। नर्सरी की कक्षा शाम 3 बजे से 6 बजे तक चलती है। स्कूल से छुट्टी के बाद आया गुड्डी (41) बच्ची को पैदल घर ले जा रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में दोनों आ गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बछरावां सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची वाणी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आया गुड्डी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार जारी है।मामले में मृतक बच्ची की मां पूनम की तहरीर पर बछरावां थाने में उड़ान विद्यालय की प्रबंधक रोमा सिंह, वाहन चालक अमन सोनी और सहायिका (आया) गुड्डी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।









