
कानून की हद में रहकर नववर्ष मनाने की अपील
नववर्ष की पूर्व संध्या पर रायबरेली पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
रायबरेली।नववर्ष 2026 के आगमन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह नौहार के नेतृत्व में 29 दिसंबर 2025 की रात को जनपद के विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान रायबरेली रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार, सुपर मार्केट, घंटाघर चौराहा सहित कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस द्वारा सघन जांच की गई। अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह नौहार ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या (31 दिसंबर 2025) पर आयोजित होने वाली पार्टियों और जश्न के दौरान हुड़दंग, ओवरस्पीडिंग तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नववर्ष का स्वागत कानून के दायरे में रहकर करें, किसी प्रकार का शोरगुल या अव्यवस्था न फैलाएं तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। रायबरेली पुलिस पूरी तरह सतर्क है और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए हर स्तर पर आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी ताकि नागरिक सुरक्षित और आनंदमय वातावरण में नववर्ष 2026 का स्वागत कर सकें।










