
रायबरेली: सड़क दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने वाले ‘राहगीरों’ सम्मानित, डीएम-एसपी ने किया सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ
रायबरेली। जिले में सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘राहवीर’ योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की जान बचाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। सलोन निवासी सलमान खान एवं डलमऊ निवासी अभिषेक चौधरी को डीएम व एसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन दोनों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत जनपद भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले किसी भी नागरिक के विरुद्ध कोई प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। घायल को सीधे अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक उपचार प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










