
मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत गदागंज पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
गदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम पयागपुर में मिशन शक्ति फेस 5.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा महिला एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देना रहा।
चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 101 (फायर सेवा), 102 (एंबुलेंस सेवा) एवं 181 आदि शामिल हैं। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व लिंक से सतर्क रहने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर SSI मोहम्मद मुकरीम, SI सर्वदेव यादव, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव, महिला कांस्टेबल सरिता एवं महिला कांस्टेबल अनामिका उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने तथा हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने पुलिस द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और इसे समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।











