
CRS NEWS : इंदौर में दूषित पानी पीने से लोगों की मौत के मामले में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बुनियादी जनसुविधाओं के मामले में सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार अब घातक साबित हो रहा है, जिसके चलते निर्दोष परिवार उजड़ रहे हैं। यह स्थिति अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।
बसपा सुप्रीमो ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इंदौर में प्रदूषित पानी पीने से अनेक नागरिकों की मृत्यु और कई लोगों के बीमार होने की खबरें चौंकाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकारी गैर-जिम्मेदारी और उदासीनता के प्रति जनता में आक्रोश होना स्वाभाविक है।
मायावती ने कहा कि साफ हवा और स्वच्छ पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हर सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन जिस तरह अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में लापरवाही देखी जा रही है, उसी तरह जनसुविधाओं के क्षेत्र में भी गंभीर उदासीनता सामने आ रही है। यह नागरिकों की जान से खिलवाड़ है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि ऐसी शर्मनाक और दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही केंद्र सरकार से भी इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी अन्य राज्य में इस तरह की घटनाएं न हों।










