
माइनर ओवरफ्लो से सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न, नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन
रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हमीरमऊ ग्राम पंचायत के राठौर के पूरवा गांव में माइनर ओवरफ्लो हो जाने से किसानों की सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न हो गई। इस घटना से आक्रोशित किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।
गांव निवासी दल बहादुर सिंह ने बताया कि गांव के बगल से होकर एक माइनर नहर कोलवा गांव तक जाती है, लेकिन सिंचाई विभाग द्वारा इसकी नियमित और पूरी तरह से साफ-सफाई नहीं कराई जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग ने कुछ दूरी तक ही नहर की सफाई कराई और उसके बाद पानी छोड़ दिया गया, जिससे आगे खुदाई न होने के कारण माइनर ओवरफ्लो हो गया।
माइनर के ओवरफ्लो होने से किसानों की सैकड़ों बीघे गेहूं, आलू और सरसों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। गांव के मोहित, विशाल, ननकू सहित कई किसानों ने बताया कि फसल तैयार होने के समय यह हादसा होने से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया।
किसानों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि खराब हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार सिंचाई विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता हरिश्चंद्र ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलने पर नहर को टेल से बंद करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










