गदागंज में रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका
रायबरेली।
गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर धई रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गेट नंबर 54-सी से लगभग 300 मीटर की दूरी पर रेलवे ट्रैक से करीब 10 मीटर दूर एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।
गेटमैन विजय कुमार पाल के अनुसार, सुबह लगभग 7 बजे गेटमैन दिलीप कुमार बरारा से जलालपुर धई स्टेशन तक रेलवे ट्रैक की चाभियों की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा देखा और इसकी सूचना तत्काल दी।
सूचना मिलते ही गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक के सिर और हाथ में चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत हो रहा है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि शव की स्थिति और पहनावे से व्यक्ति शारीरिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है, जिसकी जैकेट में घास, पन्नी आदि भरी हुई थी।
पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।








