
मतीनगंज में AIMIM पार्टी कार्यालय का किया गया उद्घाटन
जिलाध्यक्ष ताजदार नकवी ने फीता काटकर कार्यालय का किया उद्घाटन
रायबरेली।
ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के मतीनगंज में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी कार्यालय का उद्घाटन समारोह उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। AIMIM के जिलाध्यक्ष ताजदार नकवी ने फीता काटकर पार्टी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने क्षेत्र में पार्टी की मजबूत होती पकड़ का स्पष्ट संकेत दिया।
जिलाध्यक्ष के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। उद्घाटन के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ताजदार नकवी ने कहा कि AIMIM आने वाले लोकसभा चुनाव 2027 में पूरी तैयारी और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब मुसलमान किसी भी पार्टी में सिर्फ दरी बिछाने का काम नहीं करेगा, बल्कि बराबरी के हक और राजनीतिक हिस्सेदारी की बात करेगा
उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि AIMIM गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज सड़क से सदन तक बुलंद करेगी। ताजदार नकवी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाकर बदले की राजनीति कर रही है, जिससे आम जनता त्रस्त है।
कार्यालय उद्घाटन के बाद जिलाध्यक्ष ने विकास खंड दीन शाह गौरा के दाऊदपुर गड़ई, धमधमा सहित कई गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किया। गांवों में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद आबिद ने कहा कि AIMIM संगठन का तेजी से विस्तार हो रहा है और कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है। आने वाले महीनों में पार्टी लगातार जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाकर संगठन को और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में ऊंचाहार विधानसभा प्रभारी सैयद तौसीफ, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद आबिद सहित बड़ी संख्या में AIMIM कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिखा उत्साह, अनुशासन और जनसमर्थन यह दर्शाता है कि AIMIM आने वाले समय में रायबरेली की राजनीति में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरने को तैयार है।










