
मुंबई में मजदूरी करने गए युवक की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
CRS न्यूज,जनपद रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर धई गांव निवासी एक युवक की मुंबई में मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालपुर धई निवासी कमाल पुत्र इदरीस (उम्र लगभग 40 वर्ष) रोज़ी-रोटी के सिलसिले में मुंबई गया हुआ था। बीते 1 जनवरी को किसी बात को लेकर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिनों तक इलाज चलता रहा।
इलाज के दौरान दिनांक 5 जनवरी को कमाल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों द्वारा घटना की तहरीर मुंबई के संबंधित थाने में दी गई, जिस पर महाराष्ट्र पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम के बाद दिनांक 7 जनवरी को मृतक का शव उसके पैतृक गांव जलालपुर धई लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के भाई का कहना है कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम गांव में पहुंचकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।










