
6 दिन बाद घर के पास तालाब की झाड़ियों में मिला ढाई वर्षीय बच्चे का शव
जगतपुर, रायबरेली।
रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछवारा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी नागेंद्र का ढाई वर्षीय पुत्र बीते 6 दिनों से घर के पीछे से लापता था। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर जगतपुर पुलिस ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू कराई।
थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर के पीछे स्थित तालाब में बच्चे की खोजबीन कराई। तालाब में अधिक पानी होने के कारण मछुआरों की मदद ली गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद 6 पंपिंग सेट लगाकर तालाब का पानी निकलवाया गया तथा ड्रोन कैमरे की सहायता से तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की गई, फिर भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका।
गुरुवार को लापता बच्चे का शव घर के पास ही तालाब की झाड़ियों के बीच मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की हत्या कर शव को तालाब की झाड़ियों में फेंका गया है। परिवार में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है










