
AIMIM की ऐतिहासिक जीत से कार्यकर्ताओं में जोश, मतीनगंज कार्यालय में भव्य जश्न
रायबरेली (ऊंचाहार)।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को मिली प्रचंड जीत से पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। इसी कड़ी में रायबरेली जनपद की ऊंचाहार विधानसभा के मतीनगंज स्थित AIMIM कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने भव्य जश्न मनाया।
जिला अध्यक्ष मो. आबिद की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया। जीत की खुशी में पतंग गीतों पर जमकर नाच-गाना हुआ और “AIMIM जिंदाबाद” के नारों से कार्यालय गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष मो. आबिद ने कहा कि महाराष्ट्र निकाय चुनाव में AIMIM की यह ऐतिहासिक जीत पार्टी की मजबूत विचारधारा और जनता के बढ़ते विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज AIMIM सिर्फ एक पार्टी नहीं, बल्कि वंचितों और शोषितों की मजबूत आवाज बन चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह महाराष्ट्र में पार्टी को जबरदस्त समर्थन मिला है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी AIMIM का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में AIMIM पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और प्रदेश में पार्टी का परचम लहराएगी।
जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।










