
क्षेत्र पंचायत बोर्ड बैठक में विकास को मिली रफ्तार, दो करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर लगी मुहर
गदागंज, रायबरेली।
ब्लॉक सभागार दीन शाह गौरा में क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सविता मौर्य ने की। बैठक में विकास कार्यों को लेकर लगभग दो करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
बोर्ड बैठक में नाली निर्माण, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग सड़क, बाल विकास, पुष्टाहार, कृषि सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अनेक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही ब्लॉक परिसर के मुख्य गेट के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया, जिसकी अनुमानित लागत लगभग नौ लाख रुपये बताई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख सविता मौर्य ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके।
खंड विकास अधिकारी अशोक सचान ने कहा कि बैठक में पारित किए गए सभी विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ही क्रियान्वित कराया जाएगा।
बैठक में सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुनील कुमार शशि कुमारी प्रभारी बाल विकास पुष्टाहार, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, ग्राम प्रधान ऋषि प्रसाद, संतोष मौर्य, अशोक बाजपेई, सुरेंद्र सिंह, शिवनारायण मौर्य सहित सभी ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।










