
मां की डांट से आहत 13 वर्षीय बालक लापता, पुलिस तलाश में जुटी
जगतपुर (रायबरेली)।
जगतपुर थाना क्षेत्र के मेल्थुआ गांव में मां की डांट से आहत होकर 13 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा अभिजीत उर्फ बंसू रविवार शाम घर से साइकिल लेकर निकला था। परिजनों के अनुसार, पढ़ाई को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया था, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गया। इसी कारण नाराज होकर वह घर से चला गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो सोमवार को जगतपुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी गई।
बताया गया है कि अभिजीत एक शांत स्वभाव का बालक है और कक्षा में पढ़ाई करता है। उसके अचानक लापता होने से पूरे गांव में चिंता का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
इस संबंध में जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि परिजनों से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस टीम को बालक की तलाश में लगाया गया है और संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।










