
CRS NEWS: रायबरेली जनपद के खीरो ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत अतहार में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत एक जनचौपाल का आयोजन किया गया। यह चौपाल ब्लॉक अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार लोधी जी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
चौपाल में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी श्री सुरेन्द्र विक्रम सिंह उर्फ पंजाबी सिंह ने विशेष रूप से सहभागिता की और उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए मनरेगा योजना के अंतर्गत मिलने वाले रोज़गार के अधिकार, मजदूरी भुगतान, कार्य की गारंटी एवं अन्य सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की आर्थिक जीवनरेखा है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मनरेगा को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी। पार्टी हर गांव में मजदूरों, गरीबों और जरूरतमंदों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला सचिव/प्रभारी श्री गिरीश सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष श्री चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय, न्याय पंचायत अध्यक्ष श्री बनवारी लाल लोधी, न्याय पंचायत अध्यक्ष श्री दिलीप अहमद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोस्वामी जी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मनरेगा के प्रति जागरूक करना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट करना रहा, जिसे ग्रामीणों ने सराहा।










