
राइजिंग स्टार्स पब्लिक स्कूल मखदूमपुर में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय रूप से संपन्न
रायबरेली मखदूमपुर स्थित राइजिंग स्टार्स पब्लिक स्कूल में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हुमा परवीन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।
कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत “तेरी मिट्टी में मिल जावां” तथा “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की” प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया गया “सारे जहाँ से अच्छा हिंदुस्तान हमारा” गीत कार्यक्रम की विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। पूरा विद्यालय देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव के रंग में रंगा नजर आया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या श्रीमती हुमा परवीन ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन न होकर हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने सभी से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया तथा कहा कि देश के स्वर्णिम भविष्य की नींव हम सभी के सकारात्मक योगदान से ही मजबूत होगी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।










